भारतीय मीडिया में प्रायः जिस तरह के मुद्दों की चर्चा होती है, जिस तरह के मामले मीडिया
की सुर्खियां बटोरते हैं, वे पत्रकारिता के मूल उद्देश्यों को पूरा करने की कसौटी
पर बेहद आंशिक तौर पर ही खरे उतरते हैं। मीडिया के दायित्वों में सही, सच्ची और
सटीक सूचना उपलब्ध करवाना सर्वोपरि है। साथ ही सरकार, समाज और नागरिकों के लिए अजेंडा तय
करने में इसकी भूमिका के महत्व को भी उच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। लेकिन आज का मीडिया और इसके पुरोधाओं ने अजेंडा सेट करने को ही अपना परम कर्तव्य
समझ लिया और इसके बहाने अपना-अपना अजेंडा आम जनमानस पर थोपने लगे। नतीजतन राजनीतिक दलों और
सामान्य मानवीय की तरह ही मीडिया का वैचारिक विभाजन दिन-ब-दिन स्पष्ट होने लगा है।
ऐसे में आम नागरिक सही और सच्ची जानकारी से वंचित रह जाता है। यहीं पर धारणाएं वाद-विवाद और फैसलों के केंद्र में आकर अति सक्रिय हो जाती हैं और तथ्य तथा वास्तविकताएं परिधि पर पहुंचकर शिथिल हो जाते हैं। यह जानना जटिल नहीं कि धारणा आधारित फैसले लेनेवाला समाज कितना प्रगतिशील हो सकता है।
‘मीडिया और मुख्य मुद्दे’ पर विभिन्न आलेखों में देश ही नहीं दुनिया में मीडिया के बदलते चरित्र एवं मुद्दों के चयन में प्रभावी तत्वों का विश्लेषण करने की कोशिश की जाएगी। इस सिलसिले में बड़े और गंभीर मुद्दों का मीडिया के मानस पटल से गायब हो जाने और भड़काऊ तथा विभाजक मुद्दों पर विचार गोष्ठी आयोजित करने की नई परंपरा के मूल कारणों को तलाशने का प्रयास होगा। आलेखों में मीडिया संस्थानों के बहकने की चर्चा तो होगी ही, पेशेवर एवं खेमागत प्रतिबद्धताओं की पूर्ति के द्वंद्व में फंसे दिग्गज पत्रकारों एवं बौद्धिक जगत के सशक्त हस्ताक्षरों के अजेंडेवादी अभियान की भी चर्चा होगी।
सार्थक और सशक्त विश्लेषण के लिए अतीत के साथ-साथ हाल की उन घटनाओं का सहारा लिया जाएगा जिन्हें समाचार जगत ने अच्छे से पकड़ा या पूरी तरह छोड़ दिया। वैश्विक परिदृश्य में हॉट टॉपिक्स पर नजर तो रहेगी ही, विचाराधारा के लिए मूल्यों से समझौता कर प्रतिष्ठा दांव पर लगाने के दुस्साहसिक स्टंट का भी बारीक विश्लेषण किया जाएगा। अगले आलेख में बात होगी देश में मीडिया संस्थानों की...

अच्छा लिखा है। जारी रखें
जवाब देंहटाएंधन्यवाद ब्रदर। बिल्कुल जारी रहेगा
हटाएंबेहतर
जवाब देंहटाएंहौसलाअफजाई के लिए शुक्रिया सर
हटाएंआगे के लेखों की प्रतीक्षा में...
जवाब देंहटाएंबिल्कुल, अगला आलेख पूरा होते ही आपको विशेष तौर पर सूचित करूंगा।
हटाएं